डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर माल्यार्पण कर डीएम ने दी श्रद्धांजलि
महमूद आलम
महराजगंज: डॉ. भीमराव अंबेडकर की 131वीं जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा व अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का पूरा जीवन संघर्ष, सत्यनिष्ठा, लगन व वंचित वर्ग के प्रति करुणा का प्रतीक है। उन्होंने व्यक्तिगत जीवन मे अनेक बाधाओं व कष्टों को सहा किंतु कभी भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। सार्वजनिक जीवन मे उन्होंने अश्पृश्यता व भेदभाव का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। आज हम एक सफल लोकतंत्र के रूप में दुनिया भर में सम्मान की दृष्टि से देखे जाते हैं तो इसके पीछे उस संविधान की सबसे बड़ी भूमिका है, जिसके शिल्पकार डॉ. अम्बेडकर हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक अच्छा लोकसेवक और एक अच्छा नागरिक बनने के लिए हमे डॉ भीमराव अंबेडकर की जीवनी व उनकी लिखी किताबों को पढ़ना चाहिये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी महोदय ने डॉ. अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि भारत एक विविधता भरा देश है और तत्कालीन समय मे यह अनेक विषमताओं से जूझ रहा था। ऐसी परिस्थिति में इन विविधताओं को स्वीकारते हुए अखंड राष्ट्र का निर्माण बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन डॉ. अम्बेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने न सिर्फ इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया बल्कि एक ऐसे संविधान का निर्माण किया जो "विविधता में एकता" जैसे भारतीय मूल्य का साकार रूप था। भारत को एक राष्ट्र के रूप में खड़ा करने में संविधान की अतुलनीय भूमिका है।
इस अवसर पर अपर उपजिलाधिकारी महेंद्र प्रताप, डिप्टी आरएमओ अखिलेश सिंह, पीओ डूडा प्रदीप शुक्ला, प्रशासनिक अधिकारी श्रीनाथ दूबे समेत कलेक्ट्रेट परिसर के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Post a Comment