Bahraich news : नेपाल के बांके जिले से हटा कर्फ्यू, सामान्य हुआ आवागमन
नेपाल के बांके जिले से हटा कर्फ्यू, सामान्य हुआ आवागमन
रूपईडीहा/बहराइच
नेपाल के बांके जिले में दो दिन पूर्व दो समुदाय में भिड़ंत के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। जिससे आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया था। सीमा पर वाहनों की कतार लग गई थी। अब बांके जिला प्रशासन की ओर कर्फ्यू हटा दिया गया है। जिससे सीमा पर पूर्व की भांति आवागमन सामान्य हो गया है।
नेपाल के बांके जिला में फेसबुक पर टिप्पणी को लेकर मंगलवार शाम को दो समुदाय में विवाद हो गया था। इसके बाद से हालत बेकाबू हो गए। जिस पर नेपाल जिला प्रशासन की ओर से कर्फ्यू लगा दिया गया था। नेपाल जिला प्रशासन के मुताबिक बहुसंख्यक समाज के लोग जब रैली निकालने जा रहे थे, इससे पूर्व कर्फ्यू लगा दिया गया था। जिससे लोग रैली नहीं निकाल पाए थे।
कर्फ्यू के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से जाने वाले मालवाहक वाहन सीमा पर ही खड़े थे। वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। बुधवार को डीएम और एसपी ने नगर पंचायत रूपईडीहा में फ्लैग मार्च किया था। बुधवार रात को बांके जिला प्रशासन ने कर्फ्यू हटा दिया है। अब पूर्व की भांति दोनों देश के लोग आवागमन कर रहे हैं।
मालूम हो कि मंगलवार सुबह आठ बजे से बुधवार रात आठ बजे तक कर्फ्यू रहा। कुल 36 घंटे बांके जिला के लोग घरों में कैद रहे। एसएसबी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि सीमा पर शांति है। पूर्व की भांति लोगों की आईडी देखकर प्रवेश दिया जा रहा है। अब वाहन भी चलने लगे हैं।
Post a Comment