आग लगने से वीरान हुआ खलवा, पन्नी तानकर रहने को मजबूर लोग
कुदरहा,बस्ती अजमत अली: शुक्रवार को कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर के खलवा पूरवे पर अज्ञात कारण से लगी आग ने पूरे गांव का सुख चैन छीन लिया। गांव के लोग पन्नी तानकर किसी तरह धूप में गुजर कर रहे हैं। बच्चे धूप से व्याकुल दिखे। गांव के लोगों ने बताया कि अभी तक सरकार के तरफ से कुछ मदद नहीं मिल सका है। प्रधान ने लोगों को पन्नी व कुछ भोजन वितरण किया। शुक्रवार को सूचना पर पहुंची कलवारी पुलिस और फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से आग बुझाया।
शनिवार को गंगापुर खलवा पुरवा वीरान नजर आ रहा था। पूरे गांव में जगह-जगह गेहूं के बड़े बड़े ढेर और घरेलू सामान जलकर बिखरे पड़े थे। एनवी इंडिया टीम गांव ने पहुंचा तो देखा कि परशुराम चौरसिया का मकान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। शनिवार को परशुराम अपना छप्पर बना रहे थे उन्होंने बताया कि आग लगने से घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। उसके बाद चंद्रभान चौरसिया ने बताया कि 12 मई को उनकी लड़की खुशबू की शादी का दिन पड़ा था। शादी की पूरी तैयारियां कर लिया गया था लेकिन शुक्रवार को लगी आग ने सारी खुशियों को जलाकर राख कर दिया। लड़की की विदाई के लिए सारा सामान इकट्ठा कर लिया था आग लगने से जेवर, गद्दा, रजाई व सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं 5 वर्षीय प्रियांशी के झुलस जाने के कारण घर पर ही दवा लगा रहे थे।
जैसे ही कुछ आगे बढ़े तो देखा कि धर्मराज के छप्पर का मकान पूरा जलकर राख हो गया था। पत्नी जले हुए गेहूं को अलग कर रही थीं। धर्मराज ने बताया कि 22 मई को उनकी लड़की सविता की शादी थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थी आग लगने से दहेज का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। परिवार के लोग पन्नी तानकर गुजर-बसर कर रहे हैं।
उषा देवी पत्नी स्वर्गीय राजेश चौधरी ने बताया कि 8 साल पहले उनके पति का स्वर्गवास हो गया है। 4 बच्चों के साथ किसी तरह मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रही थी लेकिन आग लगने से पूरा मकान जलकर राख हो गया। घर में रखा गेहूं जलकर राख हो गया। जीवन यापन का कोई सहारा नहीं बचा है।
वहीं जोखन की पुत्री अंजली का 5 जून को शादी का दिन पड़ा था। शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। जोखन के घर से अज्ञात कारण से लगी आग ने पूरे गांव को अपने चपेट में ले लिया। जोखन ने बताया कि शुक्रवार को लगभग तीन बजे आग लगने के समय गेहूं काटने के लिए माझा में गए हुए थे। जब तक शोर सुनकर घर पहुंचते तब तक पूरा घर जलकर राख हो चुका था।
गांव में उप निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल चन्द्रकेश यादव, रामअचल और बृजेश कुमार यादव गांव में भ्रमण कर जायजा ले रहे थे। ग्रामवासियों ने बताया कि लेखपाल रामजीत कन्नौजिया ने नुकसान का पड़ताल कर शासन को भेज दिया है।
Post a Comment