निपुण भारत अभियान के तहत स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम का आयोजन
महमूद आलम
महराजगंज/पूर्व माध्यमिक विद्यालय रतनपुरवा कम्पोजिट, पनियरा, महराजगंज पर सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित निपुण भारत अभियान के तहत स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम का आयोजन नोडल शिक्षक वरेश कुमार द्वारा किया गया। स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम में कक्षा 1 के बच्चों के भाषा एवं साक्षरता कौशल व संख्या ज्ञान की दक्षता हेतु 12 सप्ताह का खेल व मनोरंजक विधि द्वारा शिक्षण किया जाना प्रस्तावित है। इसके सफल संचालन हेतु अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन 'चहक' नाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अकादमिक रिसोर्स पर्सन महेंद्र चौहान ने मां सरस्वती पर पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया। ए आर पी संजय यादव ने माताओं से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कार्यक्रम के लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कक्षा 1 के बच्चों ने अपने खेल व कक्षा 6 के बच्चों अर्चना, बिरजू, कृष्णा और सुहानी द्वारा बालिका शिक्षा की आवश्यकता पर शिक्षक वरेश कुमार द्वारा निर्देशित नाटक का मंचन किया। अकादमिक संसाधन व्यक्ति संजय पासवान ने नाटक व वरेश कुमार की प्रशंसा करते हुए अभिभावकों से सहयोग व आलोचना की अपील की। सर्वप्रथम नवाचारी शिक्षक वरेश कुमार ने बच्चों, अतिथियों व अभिभावकों का तिलक कर स्वागत किया। तत्पश्चात स्कूल रेडिनेस की आवश्यकता व उपयोगिता, स्वास्थ्य व स्वच्छता तथा शिशु मित्र के कार्य पर प्रकाश डाला। वरेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति2020 के अनुसार 5 वर्षों की आधारभूत शिक्षा होनी चाहिए, इसमें 3 वर्ष प्रारम्भिक शिक्षा एवं 2 वर्ष की प्राथमिक शिक्षा शामिल है। यह कार्यक्रम 1 अप्रैल से प्रारम्भ होकर 15 सितंबर तक चलेगा। वरेश कुमार ने बताया कि चहक का द्वितीय चरण वृहद स्तर पर आयोजित किया जाएगा। गतिविधि कैलेण्डर में सात प्रकार कि गतिविधियां दी गई हैं - माॅर्निंग सर्किल टाइम, स्वतंत्र खेल, भाषा और साक्षरता कौशल, कला सम्बंधित गतिविधियां, गणित व वैज्ञानिक सोच, बाहरी खेल और गुडबाय सर्कल टाइम। नवाचारी शिक्षक वरेश कुमार के स्कूल रेडिनेस डायरी का सभी आगुंतक अतिथियों द्वारा प्रशंसा व्यक्त किया गया। अंत में जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक त्रिलोकी नाथ प्रजापति, रामेश्वर, हरेंद्र सिंह, सुनीता कुमारी, गणेश यादव, अशोक चौरसिया, मधु आदि उपस्थित रहे।
Post a Comment