नहर में तैरती मिली महिला की लाश
नहर में तैरती मिली महिला की लाश
थाना सुजौली क्षेत्र से मोतीपुर क्षेत्र में पहुंची शव, पुलिस ने निकाला
बहराइच जनपद के गंगापुर गांव से निकली सरयू नहर में बुधवार सुबह एक महिला का शव उतराता दिखा। सभी ने पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंचती, तब तक तेज बहाव में महिला का शव मोतीपुर थाना क्षेत्र में पहुंच गया। मोतीपुर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक महिला की शिनाख्त हो गई है।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत गंगापुर गांव के निकट से सरयू नहर की शाखा निकली है। नहर में बुधवार सुबह आठ बजे ग्रामीणों ने एक महिला का शव उतराता देखा। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद कोतवाली मुर्तिहा की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन तब तक नहर में तेज बहाव होने के चलते महिला का शव बहते हुए भीउरा पुल होते हुए हंसुलिया से जरही पुल के पास पहुंच गई। यहां के लोगों ने सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। मोतीपुर पुलिस ने लोगों की मदद से महिला का शव बाहर निकलवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की उम्र 30 वर्ष के आसपास है। उन्होंने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। सुजौली थाना क्षेत्र से आए परिवार ने उसकी शिनाख्त चफरिया ओरीपुरवा निवासी नेहा पत्नी प्रदीप के रूप में की है। उस परिवार की महिला दो दिन पूर्व नदी में गिर गई थी। मृतक महिला के तीन बच्चे हैं।
Post a Comment