अज्ञात कारणों से आग लगने से तीन घर जलकर खाक
कुदरहा,बस्ती अज़मत अली: रविवार को कुदरहा विकासखंड के मटियरिया गांव के राजस्व पुरवा केवटहिया में दोपहर लगभग दो बजे अज्ञात कारणों से आग लगने पर भैंस, तीन साइकल, सिलाई मशीन सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों के काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया।
मटियरिया के राजस्व पुरवा केवटहिया निवासी पलटन पुत्र लखन के छप्पर के घर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। छप्पर में बंधी दो भैंसों में से एक रस्सी तोड़कर भाग गई जबकि दूसरी भैंस वहीं जलकर मर गई। देखते ही देखते आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया और बगल में विनोद पुत्र लुद्दूर व हरिवंश पुत्र लुद्दूर के घर को अपने आगोश में ले लिया और सारा सामान जलकर खाक हो गया। विनोद के घर में रखा तीन साइकिल व लगभग 4 कुंतल गेहूं जल गया। जबकि हरिवंश के छप्पर में रखा सिलाई मशीन सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
हल्का लेखपाल विकास मौर्य ने बताया कि नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।


Post a Comment