नियमों के खिलाफ सफाई कर्मचारी संघ के जिला कार्यकारिणी चुनाव का आरोप, पूर्व पदाधिकारियों ने उठाए सवाल
बस्ती: उ.प्र. पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला स्तरीय कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर पूर्व पदाधिकारियों ने गंभीर आपत्ति जताई है। पूर्व जिलाध्यक्ष अतुल कुमार पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को विधि विरुद्ध बताते हुए इसे संगठन की नियमावली के खिलाफ करार दिया है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पूर्व जिलाध्यक्ष अतुल कुमार पाण्डेय, कोषाध्यक्ष पेशकार, जिला मंत्री मनोज चौहान, संगठन मंत्री रामकृपाल चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष लालजी निषाद, विपिन दूबे, विजय भारत, श्रीचंद, भरतराम, राघव प्रसाद, बलराम यादव, अक्षय यादव समेत अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि अभी तक पुरानी जिला कार्यकारिणी को भंग नहीं किया गया था, इसके बावजूद नए सिरे से चुनाव कर लिया गया, जो पूरी तरह से नियमों के विपरीत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार को बैठक की सूचना देकर सदस्यों को बुलाया गया और एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत नई कार्यकारिणी का चयन कर लिया गया। पूर्व पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान जिलाध्यक्ष अजय आर्या द्वारा सदस्यों से वसूले गए सदस्यता शुल्क का दुरुपयोग किया गया है।
पूर्व जिलाध्यक्ष अतुल कुमार पाण्डेय ने कहा कि संगठन की एकता बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक बुलाकर शीघ्र ही निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दोबारा चुनाव कराया जाना चाहिए।
इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष बलराम यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बस्ती सदर विपिन कुमार द्विवेदी, ब्लॉक अध्यक्ष बनकटी मनोज कुमार चौहान, जिला महामंत्री लालजी, ब्लॉक अध्यक्ष कप्तानगंज दिलीप कुमार चौधरी, मंत्री रामकृपाल चौधरी, जिला संगठन मंत्री बस्ती राघव प्रसाद, पूर्व अध्यक्ष रामनगर शिवकुमार, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Post a Comment