24 C
en

मतदाता सूची में फर्जीवाड़े पर आपत्ति करने पहुँचे पत्रकार पर प्रधान पति का जानलेवा हमला



बस्ती। ग्राम पंचायत तिलकपुर में मतदाता सूची से फर्जी नाम हटाने की वैधानिक प्रक्रिया के दौरान एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। नजरिया बस्ती का अख़बार के सह-संपादक एवं ग्राम पंचायत तिलकपुर के नागरिक दीपक दूबे पर ग्राम प्रधान के पति द्वारा जानलेवा हमला, गाली-गलौज और धमकी दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रही मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के अंतर्गत दीपक दूबे ने ग्राम पंचायत तिलकपुर में फर्जी मतदाता बनकर मतदान कर रहे कुछ व्यक्तियों के नामों पर आपत्ति दर्ज कराई थी। संबंधित आपत्ति फॉर्म उन्होंने विधिवत बी.एल.ओ. श्री परदेशी को सौंपा था।

दिनांक 24 दिसंबर 2025 को बी.एल.ओ. की सूचना पर जब वे प्राथमिक विद्यालय तिलकपुर में आपत्ति से जुड़े साक्ष्य प्रस्तुत करने पहुँचे, तभी ग्राम पंचायत तिलकपुर की प्रधान उमलेश मिश्रा के पति सचिदानंद मिश्रा पुत्र स्व. भगवती प्रसाद उर्फ मुन्नीलाल वहाँ पहुँचे और अभद्र भाषा में गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दीपक दूबे ने इस अवैधानिक कृत्य को मोबाइल से रिकॉर्ड करना चाहा, तो सचिदानंद मिश्रा ने उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया गया, चश्मा तोड़ दिया गया और लगातार मारपीट की गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के हस्तक्षेप से बड़ी अनहोनी टल सकी। इसके साथ ही सचिदानंद मिश्रा ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि “मेरा भाई विवेकानंद मिश्रा भारतीय जनता पार्टी का जिलाध्यक्ष है, जो उखाड़ पाओ उखाड़ लो, अभी तुम्हें घर से उठवा लूँगा।”

इस घटना से न सिर्फ एक पत्रकार की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं, बल्कि निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया में हस्तक्षेप और राजनीतिक दबाव का भी गंभीर मामला सामने आता है। पीड़ित ने थाना कप्तानगंज में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और अपने व परिवार की सुरक्षा की मांग की है।



Older Posts
Newer Posts

Post a Comment

 


https://www.facebook.com/share/p/1FkqBEzeX4/