बसपा ने दो पूर्व मंत्रियों को पार्टी से किया निष्कासित, महाराष्ट्र सीएम शिंदे का स्वागत करना पड़ा भारी BSP expelled two former ministers from the party, Maharashtra CM Shinde had to be welcomed heavily
डेस्क: यूपी सरकार में पूर्व मंत्री रहे राज किशोर सिंह और बृज किशोर सिंह डिम्पल को बसपा ने निष्कासित कर दिया है। मायावती ने अयोध्या में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे का स्वागत करने की वजह से दोनों नेताओं पर ऐक्शन लिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने निकाय चुनाव के ऐलान के बीच पार्टी से जुड़े दो कद्दावर नेताओं पर ऐक्शन लिया है। यूपी सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके राज किशोर सिंह और बृज किशोर सिंह को बसपा ने निष्कासित कर दिया है। बस्ती और निकट जिलों में प्रभाव रखने वाले दोनों भाइयों को अयोध्या में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के स्वागत में शामिल होने की वजह से निकाला गया है।
बस्ती के बसपा जिलाध्यक्ष जयहिंद गौतम ने लेटर जारी करते हुए राज किशोर सिंह और बृज किशोर सिंह को पार्टी विरोधी कार्यों में संलिप्तता का आरोप लगाते हुए निष्कासित किया है। निकाय चुनाव से पहले इस कार्रवाई से चुनावी सरगर्मी बढ़ गयी है। पूर्वांचल के कद्दावर नेता राजकिशोर सिंह आसपास के कई जनपदों में अपनी बेहतर पकड़ रखते हैं।
बता दें राजकिशोर सिंह 3 बार के विधायक और सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। उनकी गिनती कद्दावर नेताओं में होती है। वहीं उनके छोटे भाई बृजकिशोर सिंह डिंपल को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। 2019 में दोनों ने सपा छोड़कर कांग्रेस और फिर एक साल बाद बसपा का दामन थाम लिया था। अयोध्या में महाराष्ट्र सीएम और उनकी कैबिनेट का दोनों भाइयों की तरफ से भव्य स्वागत किया गया था। रविवार को शिंदे, फड़णवीस के साथ ही महाराष्ट्र के मंत्री भी रामलला के दर्शन करने आए हुए थे।
Post a Comment