पश्चिमी यूपी से सीएम योगी करेंगे वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत, 35 करोड़ किया जाएगा पौधारोपण
पश्चिमी यूपी से सीएम योगी करेंगे वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत, 35 करोड़ किया जाएगा पौधारोपण
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 22 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने जा रही है। यूपी में इस बार 35 करोड़ वृक्षारोपण करने का लक्ष्य बनाया गया है। जिसको लेकर वन विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें कि वृक्षारोपण अभियान में 35 करोड़ पौधे दो चरणों में लगाए जाएंगे। पहला 22 जुलाई को वृक्षारोपण किया जाएगा। जिसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर और बिजनौर में पौधा रौपकर करेंगे। इस दिन पूरे प्रदेश में 30 करोड़ वृक्षारोपण किए जायेंगे। जिसमें पौधा लगाने के लिए प्रदेश के सभी मंत्री, सभी अधिकारी और आम जनमानस को शामिल किया गया है। इसके अलावा 15 अगस्त को 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
वन मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग ने तैयारियां और तेज कर दी हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को मुजफ्फरनगर के शुक्रताल और बिजनौर में पौधारोपण करके इस अभियान की शुरुआत करेंगे। वहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मथुरा में पौधारोपण करेंगी। उन्होंने आगे बताया कि इस बार सभी घरों में फलों के पौधे दिए जाएंगे जिसमें आम, नींबू, अनार, अंगूर, केला, जामुन, अमरूद के पौधे होंगे।
वन मंत्री ने आगे बताया कि इस अवसर पर वन विभाग के अलावा सभी सरकारी विभाग, नगर निगम, डिफेंस, रेलवे, समाज सेवी संस्थाओं से पेड़ लगाने को कहा गया है। इसके अलावा आम नागरिक और छात्र छात्राओं से भी ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की गई है। वन मंत्री ने बताया कि इस बार भी पौधों का वितरण क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा रहा है। वहीं इस अभियान में वन विभाग सर्वाधिक 14 करोड़ पौधे और ग्राम्य विकास विभाग 12.59 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके अलावा इस अभियान में कुल 26 विभाग शामिल होंगे।
Post a Comment