महिला चौपाल में मिशन शक्ति फेज-5 की दी गई जानकारी
वकील अहमद सिद्दीकी
बनकटी बस्ती....लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी महसो में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को मिशन शक्ति फेज-5 के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
चौपाल में महिलाओं को बताया गया कि सरकार एवं पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसमें महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एम्बुलेंस सेवा 108 समेत अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़खानी, दहेज प्रथा, बाल विवाह और साइबर क्राइम जैसी समस्याओं से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। चौपाल में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें, उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किशोरियां एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने मिशन शक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की।


Post a Comment