बस्ती की पावन धरा पर कल आएंगे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज, देंगे धर्म संदेश
बस्ती: बस्ती शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में कल 29 मार्च को एक भव्य धार्मिक आयोजन “सनातन धर्म संवाद” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ज्योतिष्मठपीठाधीश्वर परमपूज्य जगद्गुरु भगवान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंदः सरस्वती जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।
आयोजक प्रशांत पाण्डेय के अनुसार यह कार्यक्रम रविवार, 29 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज, बस्ती (वशिष्ठ नगर) में आयोजित होगा। इस अवसर पर धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विशेष उद्बोधन दिया जाएगा, जिससे जनमानस को धर्म के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजक संस्था राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और धर्मलाभ प्राप्त करें।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम समाज में सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ा जा सके।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, भगवान शंकराचार्य जी आगमन पर उनका स्वागत कलवारी, नगर बाजार, फुटहिया चौराहा, बड़े बन चौराहा, ब्रह्मण महासभा, रोडवेज आदि स्थानों पर किया जायेगा।
कार्यक्रम मे उच्च न्यायालय मध्य प्रदेश के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री, सेवानिवृत्त आई पी एस अधिकारी जुगल किशोर तिवारी, बाबरी विध्वंस के मुख्य कार्यकर्ता संतोष दूबे, पेशवा सेना के अध्यक्ष प्रभाकर पेशा, मन्जू शुक्ला आदि राष्ट्रीय स्तर के सनातन धर्म के प्रचारक कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।


Post a Comment