सुदामा चरित्र और कंस वध प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
भक्ति और श्रद्धा के माहौल में भागवत कथा का समापन
बस्ती। जनपद के कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बढ़नी में चल रही संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का सातवां दिन मंगलवार को भक्ति और आस्था के माहौल में संपन्न हुआ। अंतिम दिन कथा व्यास पंडित देवस्य मिश्र द्वारा रुक्मिणी विवाह, कंस वध, सुदामा चरित्र की भावपूर्ण कथा सुनाई गई, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया गया। रुक्मिणी विवाह प्रसंग में प्रेम और समर्पण का संदेश दिया गया, वहीं कंस वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय का महत्व बताया गया। सुदामा चरित्र के जरिए सच्ची मित्रता और भक्ति की महिमा का वर्णन किया गया। अंत में मोक्ष की कथा सुनाते हुए मानव जीवन के उद्देश्य और ईश्वर भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का समापन हवन-भंडारे के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान सुभाष चंद्र मिश्रा एवं उनकी पत्नी किरण मिश्रा, निशांत मिश्रा, भाजपा विधायक अजय सिंह के प्रतिनिधि पंडित सरोज मिश्रा, कुशाग्र निधि, प्रतिमा पांडे, नीतीश कुमार पांडे, अरविंद उपाध्याय, अवधेश कुमार मिश्र, जनार्दन दुबे,पुनीत दत्त ओझा,मनीष पाण्डेय, बृजेश मिश्रा, रमाकांत सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।


Post a Comment