पीड़ित महिला ने जबरन जमीन कब्जा करने का लगाया आरोप, जान से मारने की मिल रही धमकी
बस्ती। थाना वाल्टरगंज क्षेत्र के ग्राम श्रीपालपुर (धोब टोला) निवासी एक महिला ने भू-माफियाओं और दबंगों द्वारा अपनी जमीन पर जबरन कब्जा करने और जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता शीला देवी पत्नी शिवनरायन ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, उसका नाम गाटा संख्या 803 की भूमि में सहखातेदार के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि का एक छोटा हिस्सा (10 फीट चौड़ा व 30 फीट लंबा) उसकी सहखातेदार मीरा देवी द्वारा मंजू देवी पत्नी अशोक कुमार सिंह को बेचा गया था। आरोप है कि मंजू देवी के पति अशोक कुमार सिंह, जेठ संतोष सिंह, रौनक सिंह, रितिक सिंह सहित कई अन्य दबंगों ने बैनामा की आड़ में प्रार्थिनी के हिस्से की जमीन पर भी कब्जा कर लिया और वहां टीनशेड डाल दिया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गरीब महिला को कब तक न्याय दिला पाता है।
Post a Comment