बस्ती में श्री वशिष्ठ राम कथा का भव्य आयोजन, 11 फरवरी को निकलेगी विराट रथ यात्रा
बस्ती। श्री तुलसी पीठाधीश्वर पद्म विभूषण जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम एवं उनके कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ की राम कथा का नवदिवसीय भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। यह जानकारी नृत्यधाम के संस्थापक एवं कथक गुरु मास्टर शिव ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
मास्टर शिव ने बताया कि प्रभु श्रीराम एवं उनके चारों भाइयों की शिक्षा स्थली श्री वशिष्ठ आश्रम, बढ़नी मिश्र (गोटवा) में 9 फरवरी 2026 को भूमि पूजन होगा, जबकि 11 फरवरी को विराट एवं भव्य रथ यात्रा बढ़नी मिश्र से अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेगी। यह यात्रा राणा दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रभु श्रीराम के पूरे परिवार को आमंत्रण एवं स्वागत-सम्मान हेतु आयोजित की जा रही है।
कथा के उपरांत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें जनपद, प्रदेश एवं देश के कलाकार प्रभु श्रीराम की वंदना एवं उनकी लीलाओं पर प्रस्तुति देंगे। विशेष रूप से नृत्यधाम के कलाकार राजीव रंजन (निर्देशन), आदित्य सोनकर, शिवांगी, सूरज, माही, पलक चौधरी, सिमरन चौधरी, खुशी चौधरी, सविता, प्रीति यादव, नीलम शर्मा, राजकुमारी, संदीप एवं अंशु द्वारा विशेष नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी।
मास्टर शिव ने संपूर्ण जनपद एवं प्रदेशवासियों से सादर आमंत्रण देते हुए कथा श्रवण कर प्रभु श्रीराम के गुणों को जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।


Post a Comment