पीएम श्री विद्यालय देवमी के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण, गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर विज्ञान व संस्कृति का लिया अनुभव
बस्ती। राष्ट्रीय विज्ञान आविष्कार कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय देवमी के छात्रों को रविवार को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान विषय के प्रति रचनात्मक एवं सृजनात्मक कौशल का विकास करना तथा उन्हें व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना रहा। शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत छात्रों को विश्वविख्यात अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थ स्थल एवं महान संत नाथ संप्रदाय की तपस्थली गुरु गोरखनाथ मंदिर का भ्रमण कराया गया।
विद्यालय से बस को ग्राम प्रधान देवमी राजेंद्र प्रसाद चौधरी, राज अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मोहम्मद इकबाल, एआरपी अवध नारायण चौधरी, अश्वनी वर्मा तथा प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
भ्रमण के दौरान छात्रों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। शिक्षकों ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उनमें सीखने की जिज्ञासा को बढ़ावा देते हैं। शैक्षणिक भ्रमण पर जाने से पहले विद्यालय में संत रविदास जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु रविदास व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई। ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद चौधरी, समाजसेवी सुशील कुमार प्रजापति, प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी व प्रधानाध्यापक राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मोहम्मद इकबाल ने पुष्प अर्पित किए। मोहम्मद इकबाल ने संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण, एआरपी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



Post a Comment